प्रकृति और स्मृति की संवेदनाओं को उकेरती ज्योति त्यागी की एकल प्रदर्शनी 8 से दिल्ली में

नई दिल्ली: दिल्ली आधारित कलाकार ज्योति त्यागी की एकल कला प्रदर्शनी “स्टोरीज़ द सॉइल रिमेम्बर्स” का आयोजन 8 से 14 मई 2026 तक त्रिवेणी कला संगम की श्रीधरानी गैलरी में किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का क्यूरेशन प्रख्यात कवि, कला समीक्षक और क्यूरेटर प्रयाग शुक्ला ने किया है। प्रदर्शनी में प्रकृति, स्मृति और पर्यावरणीय संवेदनशीलता से जुड़ी गहन कलाकृतियों का संकलन प्रस्तुत होगा।

चारकोल, एक्रिलिक और मिश्रित माध्यमों के जरिए त्यागी कागज़ और कैनवास पर ऐसी रचनाएं तैयार करती हैं, जो दृश्य सौंदर्य के साथ वैचारिक गहराई भी लिए होती हैं। मोर, वृक्ष और बदलते परिदृश्यों जैसे रूपांकनों के माध्यम से वे मनुष्य और प्रकृति के रिश्ते को उजागर करती हैं और पर्यावरणीय संतुलन पर प्रश्न खड़े करती हैं।
उनकी कला शहरी विस्तार और प्रकृति के बीच बढ़ते द्वंद्व को भी दर्शाती है, जहां पक्षी विस्थापन और अस्तित्व की प्रतीक बनकर उभरते हैं।

यह प्रदर्शनी शहरों के भीतर छिपी उन परतों को समझने का प्रयास है, जो निरंतर निर्माण के बीच भी अपनी स्मृतियों को संजोए रखती हैं।ज्योति त्यागी की कला यात्रा जीवन अनुभवों, शैक्षणिक पृष्ठभूमि और लंबे अंतराल के बाद पुनः शुरू हुई साधना का परिणाम है। उनकी कृतियां देश-विदेश के कई संग्रहों में शामिल हैं और विभिन्न राष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शित हो चुकी हैं। यह प्रदर्शनी दर्शकों को आत्ममंथन के लिए प्रेरित करते हुए प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व के महत्व को रेखांकित करती है।

Next Post

श्रीलंका वेस्ट इंडीज के ऑल-फॉर्मेट दौरे के लिए तैयार

Tue May 5 , 2026
कोलंबो, 05 मई (वार्ता) श्रीलंका जून और जुलाई 2026 में वेस्ट इंडीज का दौरा करने के लिए तैयार है। यह एक पूरी द्विपक्षीय सीरीज होगी जिसमें तीन वनडे, तीन टी20 और दो टेस्ट मैच शामिल होंगे। दौरे की शुरुआत 3 जून को वनडे मैचों से होगी, जिसके बाद 11 जून […]

You May Like