जबलपुर: नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन ने मध्यप्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों की ओर से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए एमपीपीएससी 2019 सहित सभी लंबित भर्तियों का तत्काल निपटारा करने और चयन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्षों से भर्तियाँ विलंबित होने और रिक्तियों की कमी के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
यूनियन ने 10 मुख्य मांगों में वास्तविक रिक्तियों का सार्वजनिक आंकड़ा जारी करना, विज्ञापन से नियुक्ति तक अधिकतम 12 माह की समयसीमा निर्धारित करना, मेंस और साक्षात्कार अंक सार्वजनिक करना, वेटिंग लिस्ट जारी करना और प्रभावित अभ्यर्थियों को आयु सीमा में विशेष छूट देने जैसी मांगें रखी हैं। यूथ यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि वर्षों से लंबित मुद्दों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो युवाओं में असंतोष बढ़ सकता है।
