
भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के भोपाल प्रवास के कार्यक्रम में अचानक बदलाव हुआ है। शनिवार दोपहर बाद उनके निर्धारित कार्यक्रमों को निरस्त कर दिया गया है और अब वे तय कार्यक्रम के अनुसार रात तक भोपाल में रुकने के बजाय जल्द दिल्ली रवाना होंगे। हालांकि, उनके कार्यक्रम में इस अचानक बदलाव की वजह की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
शाह शुक्रवार देर रात भोपाल पहुंचे थे। शनिवार सुबह उन्होंने ताज होटल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा संगठन व सरकार के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इसके बाद वे भेल दशहरा मैदान में आयोजित गोपालक सम्मेलन में पहुंचे और गोपालकों को संबोधित किया।
गोपालक सम्मेलन के बाद उनके ताज होटल लौटने का कार्यक्रम था। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय और मध्यप्रदेश सरकार के बीच लंबित विषयों को लेकर दोपहर 2.15 से 4.15 बजे तक बैठक तथा शाम 4.15 से 5.15 बजे तक नारकोटिक्स से जुड़े विषयों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित थी। दोनों कार्यक्रम अब निरस्त कर दिए गए हैं।
शाह के कार्यक्रम के अनुसार उन्हें शनिवार रात करीब 7.50 बजे भोपाल से दिल्ली रवाना होना था। लेकिन अब कार्यक्रम में बदलाव के बाद वे निर्धारित समय से पहले दिल्ली लौटने की तैयारी में हैं।
अचानक कार्यक्रम छोटा किए जाने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल सबसे अहम तथ्य यही है कि दोपहर बाद के सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं और शाह जल्द दिल्ली रवाना होंगे। उनकी जल्दी वापसी की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
