जबलपुर: सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के उल्लंघन करने पर विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को यातायात थाना घमापुर, मालवीय चौक एवं गढ़ा क्षेत्र में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध चेकिंग कर नियम तोड़ने वाले 66 वाहन चालकों से 27700 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कैरब्ज तिराहा, महाराजपुर सहित अन्य प्रमुख चौराहों पर चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 46 चालान किए गए, जिनसे 13,800 रुपए एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 20 चालान कर 13, 900 रुपए का जुर्माना वसूला गया। साथ ही वाहन चालकों को जागरूक किया गया कि वे वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में जबलपुर यातायात पुलिस द्वारा की जा रही है।
नशे में वाहन चलाने पर कोर्ट केस दर्ज
कार्यवाही के दौरान गढ़ा यातायात सूबेदार मनीष प्यासी द्वारा कार क्रमांक एमपी 50 सी 9729 वाहन चालक अर्चित जैन पिता अनिल जैन, निवासी गोरखपुर बाजार को छोटी लाइन क्षेत्र में रोका गया। ब्रीथ एनालाइजर से जांच करने पर आरोपी नशे की हालत में पाया गया, जिस पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए न्यायालयीन मामला तैयार किया गया।
