
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बहरेटा सानी गांव के पास एयरफोर्स का टू सीटर फाइटर प्लेन मिराज-2000 क्रैश हो गया। हादसा दोपहर करीब 2.40 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर तीन विमानों ने उड़ान भरी थी। दो सुरक्षित लौट गए थे।
करैरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि प्लेन में दो पायलट थे। हादसे से पहले दोनों पायलटों ने खुद को इजेक्ट (बचकर निकले) कर लिया था। दोनों ही सुरक्षित हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एयरफोर्स की टीम हेलिकॉप्टर से मौके पर पहुंची और दोनों पायलटों को ग्वालियर लेकर रवाना हो गई।
घटना के बाद घायल पायलट की तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वो मोबाइल पर किसी से बात करते दिख रहे हैं। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें संभाल रखा है। हादसे की वजह का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का आदेश दिया जा रहा है।
