जबलपुर: मदनमहल रेलवे स्टेशन पर स्टेशन चेकिंग के दौरान जीआरपी को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक 14 वर्षीय बालक डरा-सहमा बैठा मिला। पूछताछ में बालक ने अपना नाम नकुल झारिया, निवासी खैरे सिकत, थाना लखनादौन, सिवनी बताया, लेकिन उसे परिजनों का मोबाइल नंबर याद नहीं था। जीआरपी ने बालक को चौकी लाकर सुरक्षित रखा और थाना लखनादौन के माध्यम से उसके परिजनों को सूचना दी। पूछताछ में पता चला कि नकुल 16 अगस्त की सुबह घरवालों से नाराज होकर घर से निकल गया था और परिजन दिनभर उसकी तलाश कर रहे थे।
सूचना मिलने पर 17 अगस्त को बालक की मां सुषमा झारिया अन्य परिजनों के साथ जीआरपी चौकी मदनमहल पहुंचीं। आवश्यक पहचान एवं औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नकुल को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने जीआरपी का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता से उनका बेटा सुरक्षित मिल गया, अन्यथा उसके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती थी। यह कार्रवाई ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जीआरपी मदनमहल द्वारा की गई।
