इंदौर: अनंत चतुर्दशी चल समारोह के दौरान झांकियों और अखाड़ों के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन सहित पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर ने सम्मानित किया. पलासिया स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 20 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार प्रदान किए.
अनंत चतुर्दशी में उत्कृष्ट ड्यूटी के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रियंका डुडवे, सुमित केरकेट्टा, दिशेष अग्रवाल, एसीपी विनोद दीक्षित, सदर बाजार टीआई पप्पुलाल शर्मा, एरोड्रम थाने के एसआई संजय बिश्नोई, एमजी रोड टीआई विजय सिंह सिसोदिया, प्रधान आरक्षक नरेंद्र सिंह तोमर, महिला थाना प्रभारी श्रद्धा यादव सहित खुशबू परमार, रानी सिंधिया, प्रिंसी पाराशर और सुमन मीना को पुरस्कृत किया. सराफा-राजवाड़ा के सामने हिट एंड रन की घटना के दौरान स्थिति नियंत्रित कर बस चालक को सुरक्षित पकड़ने में योगदान के लिए एसीपी यश बिजौरिया, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के तुरंत संप्रेषण और अनुपालन की मॉनिटरिंग के लिए एसआई सौरभ शुक्ला तथा यातायात प्रबंधन में योगदान के लिए सउनि वीरेंद्र वर्मा सहित पूजा, आरती, सपना और आकाश को भी सम्मानित किया. अनंत चतुर्दशी में सहयोग के लिए नगर रक्षा समिति के अखिलेश सिंह सिसोदिया, पवन सैनी, विनय काकरेचा, रूपेश बागड़ी और मनीष व्यास का भी उत्साहवर्धन किया. पुलिस कमिश्नर ने पुरस्कृत पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया.
