
दतिया। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर एक दिवसीय दौरे पर दतिया पहुंचीं। रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मंत्री ठाकुर ने मां पीताम्बरा पीठ पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। वे महाभारतकालीन वन खंडेश्वर महादेव मंदिर भी पहुंचीं और वहां जलाभिषेक किया।
मंत्री ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दतिया धर्म और आस्था की नगरी है। यहां आकर आत्मिक शांति और ऊर्जा मिलती है। मां पीताम्बरा और भगवान महादेव से मैंने देश और प्रदेश की तरक्की, महिलाओं की उन्नति और समाज में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। आने वाले समय में मध्यप्रदेश के सभी जिलों में महिला और बाल विकास से जुड़ी नई योजनाएं लागू की जाएंगी, जिससे ग्रामीण इलाकों तक सीधा लाभ पहुंचेगा। हमारा लक्ष्य है कि हर महिला आत्मनिर्भर बने और हर बच्चा स्वस्थ और शिक्षित होकर देश का भविष्य मजबूत करे।
