
भोपाल, राजधानी भोपाल में शुक्रवार सुबह से जारी बारिश के बीच बड़ा तालाब लबालब हो गया। जलस्तर पूर्ण भराव स्तर पर पहुंचने के बाद शाम करीब 6 बजे महापौर मालती राय ने पूजा-अर्चना कर भदभदा बांध का गेट नंबर-6 खोला। इस दौरान एमआईसी सदस्य रवींद्र यति और नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन मौजूद रहीं।
एक दिन पहले गुरुवार को बड़े तालाब का जलस्तर 1666.50 फीट था, जबकि पूर्ण भराव स्तर 1666.80 फीट है। यानी फुल टैंक लेवल में महज 0.30 फीट की कमी थी। शुक्रवार की लगातार बारिश से तालाब छलक गया। भदभदा से निकला अतिरिक्त पानी कलियासोत की ओर जाता है।
सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश से शहर के तापमान में गिरावट आई है और ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। बड़े तालाब के भरने से शहर में पेयजल संकट की चिंता कम हो गई है।
