जयपुर 03 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री अठावले सोमवार को जयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत देशभर में 58 करोड़ 30 लाख से अधिक खाते खोले गए हैं और राजस्थान में तीन करोड़ 84 लाख से अधिक खाते खोले गए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत 58 करोड़ 31 लाख से अधिक लोगों को 39 लाख 68 हजार 559 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए हैं। वहीं राजस्थान में दो करोड़ 51 लाख 93 हज़ार लाभार्थियों को इस योजना के तहत वित्त वर्ष 2015 से 2026 तक दो लाख नौ हजार 404 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत देशभर में 10 करोड़ 43 लाख कनेक्शन आवंटित किए गए हैं, जबकि राजस्थान में 74 लाख 32 हज़ार कनेक्शन आवंटित किए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत अब तक देशभर में दो करोड़ 79 लाख से अधिक मकानों का निर्माण हो चुका है वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तह पिछले एक दशक में 96 लाख 71 हज़ार से अधिक मकानों का देशभर में निर्माण हो चुका है। राजस्थान में इस योजना के अंतर्गत दो लाख 74 हज़ार से अधिक मकानों का निर्माण हो चुका है।
श्री अठावले ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष भारत योजना) कि जानकारी देते हुए बताया कि देशभर में 2018 से 2025 तक 12 करोड़ 17 लाख से अधिक लोगों ने इसका लाभ लिया है, वहीं राजस्थान में 95 लाख से अधिक लोग इस योजना के अंतर्गत लाभ ले रहे हैं। उजाला योजना के तहत 2015 से 2025 तक देशभर में 36 करोड़ 87 लाख बल्ब वितरित किए गए हैं, वहीं राजस्थान में एक करोड़ 73 लाख एलईडी बल्ब वितरित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि देशभर में नशा मुक्ति केन्द्रों की स्थापना के लिए वर्ष 2021 से मार्च 2026 तक 769 केन्द्रों के लिए 580 करोड़ रुपए से अधिक की राशि आवंटित कि गयी है, जिसमें राजस्थान में कुल 35 केन्द्रों को 39 करोड़ 72 लाख रुपए से अधिक की राशि जारी की गयी है।
