अबू धाबी, 05 फरवरी (वार्ता) रूस, यूक्रेन और संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रतिनिधिमंडलों ने 314 युद्धबंदियों की अदला-बदली करने पर सहमति व्यक्त की है। अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकोफ ने गुरुवार को यह महत्वपूर्ण घोषणा की। पिछले पांच महीनों में दोनों देशों के बीच यह अपनी तरह का पहला कैदी विनिमय समझौता है। अबू धाबी में इन दिनों चल रही शांति वार्ता का एक बड़ा परिणाम माना जा रहा है।
श्री विटकोफ ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि यह सफलता दो दिनों तक चली “विस्तृत और उत्पादक” शांति वार्ता के बाद हासिल हुई है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि हालांकि यह एक सकारात्मक कदम है, लेकिन पूर्ण शांति की दिशा में अभी भी “महत्वपूर्ण कार्य” किया जाना शेष है। उन्होंने संकेत दिया कि आगामी हफ्तों में और अधिक प्रगति की उम्मीद है और चर्चा जारी रहेगी।
गौरतलब है कि अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में चल रही इस वार्ता का दूसरा दौर बुधवार को शुरू हुआ था। इससे पहले 24 जनवरी को आयोजित पहले दौर की बैठक बिना किसी ठोस समझौते या संयुक्त बयान के समाप्त हो गई थी। कैदियों की अदला-बदली के इस ताज़ा फैसले को कूटनीतिक हलकों में दोनों पक्षों के बीच विश्वास बहाली के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

