
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास रही, लेकिन यह भी महत्वपूर्ण है कि पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में भारतीय जनता पार्टी को इस बार करीब 1700 वोट अधिक मिले हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के बाद हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटों पर जीत दर्ज कर इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ कि भाजपा ने प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें जीतीं।
डॉ. यादव ने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद हुए विधानसभा उपचुनावों में भाजपा ने बुधनी सीट को अपने पास बरकरार रखा, जबकि कांग्रेस की एक सीट भी भाजपा ने जीत ली। उन्होंने कहा कि यह भाजपा के लगातार मजबूत होते जनाधार और बेहतर चुनावी प्रदर्शन का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यही भाजपा का चुनावी ट्रैक रिकॉर्ड है, जो जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
