61 साल के हुए आमिर खान, किरदार में ढलने के लिए सीखी कई भाषाएं, यूनिक मार्केटिंग से बने ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’

आमिर खान आज 61 साल के हो गए हैं। अपनी फिल्मों के लिए जबरदस्त तैयारी और अनोखी मार्केटिंग स्ट्रैटजी के कारण उन्होंने इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है।

हिंदी सिनेमा के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ कहे जाने वाले आमिर खान आज अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। बॉलीवुड में उनकी पहचान सिर्फ एक शानदार अभिनेता के तौर पर ही नहीं, बल्कि ऐसे कलाकार के रूप में भी है जो हर फिल्म के लिए खुद को पूरी तरह बदल देते हैं। किरदार की तैयारी से लेकर फिल्म की प्रमोशन स्ट्रैटजी तक, आमिर हर चीज में अलग सोच रखते हैं।

बतौर हीरो आमिर खान की पहली फिल्म कयामत से कयामत तक थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की। हालांकि शुरुआत में आमिर ने भी उस दौर के दूसरे सितारों की तरह एक साथ कई फिल्में साइन कर ली थीं। बाद में उन्हें महसूस हुआ कि इतनी फिल्मों के साथ काम करना सही फैसला नहीं था। इसके बाद उन्होंने फिल्मों के चयन में सावधानी बरतनी शुरू की।

किरदार में ढलने के लिए करते हैं खास तैयारी
आमिर खान अपने किरदार को वास्तविक बनाने के लिए काफी मेहनत करते हैं। फिल्म लगान के लिए उन्होंने क्रिकेट की प्रैक्टिस की और अवधी भाषा सीखी। साथ ही गांव के माहौल को समझने के लिए स्थानीय लोगों के साथ समय भी बिताया। इसी तरह फिल्म तारे जमीन पर में शिक्षक की भूमिका निभाने के लिए उन्होंने बच्चों की मानसिकता को समझने की कोशिश की। यह फिल्म डिस्लेक्सिया से जूझ रहे बच्चे की कहानी पर आधारित थी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। फिल्म गजनी के लिए आमिर खान ने अपनी बॉडी पर खास ध्यान दिया और कड़ी ट्रेनिंग लेकर 8 पैक एब्स बनाए। वहीं पीके में एलियन के किरदार के लिए उन्होंने भोजपुरी भाषा सीखी और अलग अंदाज में अभिनय किया। फिल्म दंगल के लिए आमिर खान ने पहलवान महावीर सिंह फोगाट का किरदार निभाने के लिए पहले वजन बढ़ाया और बाद में कड़ी मेहनत करके उसे कम किया। इस ट्रांसफॉर्मेशन की काफी चर्चा भी हुई।

अलग अंदाज में करते हैं फिल्मों का प्रमोशन
आमिर खान की फिल्मों की मार्केटिंग भी हमेशा अलग रही है। ‘कयामत से कयामत तक’ के समय वह खुद ऑटो रिक्शा के पीछे फिल्म के पोस्टर लगाते नजर आए थे। वहीं 3 Idiots के प्रमोशन के दौरान वह अलग-अलग भेष में देश के कई शहरों में घूमते रहे।

‘गजनी’ के समय उन्होंने गजनी स्टाइल हेयरकट के साथ लोगों के बीच जाकर फिल्म का प्रचार किया था। वहीं ‘पीके’ के प्रमोशन के दौरान उन्होंने भोजपुरी में ट्वीट तक किए। हालांकि उनकी कुछ फिल्में जैसे लाल सिंह चड्ढा बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं, लेकिन उनकी मेहनत और अभिनय को हमेशा सराहा गया। इसके बाद आखिरी बार आमिर खान फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ में दिखाई दिए थे। हालांकि, अब उनके ड्रीम प्रोजेक्ट ‘महाभारत’ को लेकर खबरें हैं कि यह उनके करियर की आखिरी फिल्म हो सकती है।

Next Post

जनरल अली जाफरी की वो रणनीति जिसने अमेरिका-इजराइल के हमलों को किया नाकाम

Sat Mar 14 , 2026
जनरल अली जाफरी की ‘मोजेक डिफेंस’ रणनीति ने ईरान को अजेय बना दिया है। शीर्ष नेतृत्व के खात्मे के बावजूद स्वायत्त इकाइयां अमेरिका और इजराइल पर लगातार जवाबी हमले कर रही हैं। ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच छिड़ा युद्ध अब एक निर्णायक और हैरान करने वाले मोड़ पर पहुंच गया […]

You May Like