नई दिल्ली, 24 मार्च (वार्ता) ईरान में जारी युद्ध से देश के कारण उत्पन्न ईंधन और मानवीय संकट के बीच केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। केंद्र सरकार ने बुधवार शाम 5 बजे सर्वदलीय बैठक आयोजित की है, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों से भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संपर्क किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले विधेयक पर भी चर्चा संभव है और सरकार इस मुद्दे पर सभी दलों का सहयोग चाहती है।
सरकार की तरफ से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि वे पूर्व निर्धारित केरल दौरे के कारण बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा जरूरी है, लेकिन सरकार पहले ही गंभीर गलती कर चुकी है।
श्री राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि व्यवस्था का ढांचा ही कमजोर कर दिया गया है, जिसे सुधारने में काफी समय लगेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्र निर्णय लेने के बजाय अमेरिका और इज़रायल के प्रभाव में काम करते हैं और किसानों व युवाओं के हित में प्रभावी कदम नहीं उठा पा रहे हैं।

