
इंदौर। शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर निगम की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, प्राचार्यों एवं विद्यालयों को सम्मानित किया गया। महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव के निर्देशन में आयोजित समारोह में 140 शिक्षकों, 11 प्राचार्यों और 5 उत्कृष्ट विद्यालयों का सम्मान किया गया।
5 सितंबर को रविंद्र नाट्यगृह में आयोजित समारोह में राष्ट्रकवि एवं पूर्व विधायक श्री सत्यनारायण सत्तन तथा सेवानिवृत्त शिक्षक श्री मदन मोहन श्रीमान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट तथा सांसद श्री शंकर लालवानी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
शिक्षकों के योगदान को किया नमन
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन शिक्षा, ज्ञान और नैतिकता के प्रति समर्पित रहा। उनके जन्मदिवस पर मनाया जाने वाला शिक्षक दिवस शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने का अवसर है। शिक्षा के साथ खेलों में निस्वार्थ सेवाएं देने वाले शिक्षकों का सम्मान भी इसी भावना का प्रतीक है।
सामान्य प्रशासन प्रभारी नंदकिशोर पहाड़िया ने बताया कि प्रतिवर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष भी शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले शिक्षकों, प्राचार्यों और विद्यालयों को सम्मान देकर उनके योगदान का सम्मान किया गया।
