इंदौर: लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने इंदौर के पिपल्यान्हा क्षेत्र में निर्माणाधीन जिला न्यायालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की वर्तमान प्रगति की जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह परियोजना शासन की प्राथमिकताओं में है तथा इसे तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाना आवश्यक है. इस मौके पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट भी उपस्थित थे.
मंत्री श्री सिंह ने निर्देश दिए कि भवन की ड्राइंग एवं डिजाइन में हो रही देरी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है, अतः सभी डिजाइन एवं ड्राइंग 7 मई तक आर्किटेक्ट से प्राप्त की जाएं, अन्यथा अनुबंध समाप्ति की कार्रवाई की जाए. उन्होंने निर्माण सामग्री के अनुमोदन में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि अप्रूवल में विलंब के कारण निर्माण कार्य में रुकावट आती है, तो संबंधित अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने पुनरीक्षित एस्टीमेट के अनुमोदन की प्रक्रिया को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा ठेकेदार के रनिंग बिलों के शीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिए, जिससे निर्माण कार्य की गति बनी रहे. मंत्री ने निर्देश दिए कि इंदौर के मुख्य अभियंता (भवन) निर्माण कार्य की साप्ताहिक समीक्षा स्वयं करें और प्रमुख अभियंता के माध्यम से प्रत्येक सोमवार को निर्माण की प्रगति रिपोर्ट मंत्रालय को प्रस्तुत की जाए। साथ ही, इस रिपोर्ट की एक प्रति उनके विशेष सहायक को भी भेजी जाए.
