
जबलपुर। सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड में रविवार को होने जा रहे 12वें राज्य स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान शनिवार को हादसा हो गया। दरअसल मुख्य स्टेज पर पोस्टर लगाने और पाइप से शेड कसने के काम के दौरान अचानक चली तेज आंधी के कारण भारी-भरकम बोर्ड और शेड नीचे गिर गया। इस हादसे की चपेट में आने से वहां काम कर रहे तीन लोग घायल हो गए। इनमें से दो कर्मचारियों को चोटें आईं, जिन्हें तुरंत एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया। हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को डिस्चार्ज कर दिया है। हादसे के तुरंत बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और युद्ध स्तर पर दोबारा काम शुरू कराया।
