आष्टा। कलेक्टर बालागुरू के ने सिविल अस्पताल एवं नवीन कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
सिविल अस्पताल में उन्होंने सभी वार्डों, ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, प्रसूति कक्ष, आपातकालीन सेवाओं, जांच सुविधाओं तथा साफ-सफाई का निरीक्षण किया. मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, दवाओं के स्टॉक तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली. कलेक्टर ने नवीन कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया. कृषि उपज मंडी के कार्यालय अधीक्षक अरविंद झंवर ने मंडी परिसर की व्यवस्थाओं से अवगत कराते हुए बताया कि मंडी में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की स्थायी व्यवस्था के साथ-साथ दुकानों का निर्माण शीघ्र कराया जाना आवश्यक है.
इस पर उन्होंने मंडी परिसर में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा निर्मित एवं निर्माणाधीन भवनों, व्यापारिक सुविधाओं, किसानों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं, सड़क, शेड, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली. साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की. कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य यथाशीघ्र पूर्ण किए जाएं तथा निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए. उन्होंने किसानों एवं व्यापारियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मंडी परिसर में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र विकसित करने के निर्देश दिए.
