शाजापुर:लापरवाह, निष्क्रिय प्रशासन और जनप्रतिनिधि की नींद अब 8 श्रद्धालुओं की मौत के बाद खुली है. अब सांसद, विधायक और स्थानीय नगर पंचायत पुलिया को बड़ी करने की बात कर रहे हैं. लगातार जनता इस पुलिया को बड़ी करने की मांग उठा रही है, लेकिन न तो किसी जनप्रतिनिधि ने इनकी मांग को सुना, न ही प्रशासन ने.
ये हादसा नहीं प्रशासन और अधिकारियों द्वारा सीधी लापरवाही के कारण 8 लोगों की हत्या है. अब इस घटना के बाद क्षेत्रीय सांसद रोडमल नागर ने पुलिया को बड़ी करने के लिए डीपीआर बनाने के निर्देश दिए हैं. कांग्रेस विधायक भेरुसिंह बापू ने पुलिया को बड़ा करने के लिए कई बार शासन-प्रशासन को पत्र लिखा, लेकिन उनके पत्र को किसी ने तवज्जौ नहीं दी. अब इस घटना के बाद सब लोग पुलिया को लेकर कटघरे में हैं. यदि पहले ही जनता की मांग पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासन इस पुलिया को बड़ी करने पर ध्यान दे देता, तो 8 श्रद्धालुओं की मौत नहीं होती.
देशभर से वीआईपी आते हैं दर्शन करने
मां बगलामुखी विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ है. जहां उद्योगपति, फिल्म अभिनेता, देश के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, मंत्री सभी मंदिर आते हैं. सभी को पता है कि मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिया कितनी छोटी है, लेकिन आज तक किसी भी मंत्री ने इस पुलिया को बड़ी करने पर कोई विचार नहीं किया. जब 8 लोगों की दर्दनाक मौत हुई, तो अब सांसद की भी नींद खुली, नगर परिषद नलखेड़ा के अध्यक्ष भी नई पुलिया की मांग कर रहे हैं.
20 साल से सरकार, सांसद, विधायक और नप अध्यक्ष एक ही पार्टी के ,लेकिन नहीं बनी पुलिया.
प्रशासन की लापरवाही तो इस मामले में है ही, लेकिन सबसे बड़ी अनदेखी उन जनप्रतिनिधियों की है, जिन्हें जनता लगातार चुन रही है. सांसद, विधायक यहां तक कि नगर परिषद में भी भाजपा के ही अध्यक्ष रहे हैं, लेकिन किसी भी नगर परिषद अध्यक्ष ने आज तक इस पुलिया को लेकर कोई पहल नहीं की है. अब इस घटना के बाद हर नेता श्रेय लेने की होड़ में है. अब देखना है कि ये पुलिया बड़ी होती है या फिर धीरे-धीरे घटना के बाद मामला ठंडा होता है.
इनका कहना है…
पुलिया को बड़ी करने के लिए सांसद निधि से पैसे दिए जाएंगे. जिसकी डीपीआर बनाने के निर्देश दिए गए हैं. – रोडमल नागर, सांसद, राजगढ़
……………………………..
पुलिया को बड़ी करने के मामले में शासन-प्रशासन को कई बार पत्र लिखा है, लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया है. अब घटना के बाद जागे हैं भाजपा के नेता. यदि पहले ही ये पुलिया बड़ी हो जाती, तो 8 लोगों की मौत नहीं होती. 8 लोगों की मौत के जिम्मेदार स्थानीय भाजपा के वे जनप्रतिनिधि हैं, जो लगातार क्षेत्र से जीत रहे हैं. – भेरुसिंह बापू, विधायक-सुसनेर
