दोस्ती तोड़ने पर गर्लफ्रेंड की बहन के सामने चाकू से गोदकर हत्या

इंदौर:दोस्ती तोड़कर बातचीत बंद करने से नाराज युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर 15 वर्षीय किशोरी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. हीरानगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. दोस्ती तोड़ने से नाराज आरोपी ने अपने दोस्त के जरिये किशोरी और उसकी बहन को बहाने से प्राइम सिटी स्थित किराए के मकान पर बात करने के लिए बुलाया और चाकू से हमला कर दिया. आरोप है कि घायल किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने से भी आरोपियों ने रोक दिया. परिणामस्वरूप देर हो जाने से किशोरी की मौत हो गई.

पुलिस के अनुसार, जगजीवनराम नगर में रहने वाली 15 वर्षीय वैष्णवी पिता रमेश सेन की अभिषेक से दोस्ती थी, लेकिन उससे दोस्ती तोड़कर बात करना बंद कर दिया था. फोन नहीं उठाने से नाराज अभिषेक उसके घर पहुंचा और धमकी देकर चला गया. वैष्णवी की बहन कृष्णा ने यह बात अभिषेक के दोस्त निखिल को बताई. इसके बाद निखिल ने दोनों बहनों को प्राइम सिटी स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया और अभिषेक को भी वहां बुला लिया. दोनों बहनें वहां पहुंची. बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों आरोपियों ने वैष्णवी के सीने और जांघ पर चाकू से कई वार किए.

युवती की हालत बिगड़ने के बावजूद आरोपियों ने उसकी छोटी बहन को उसे अस्पताल ले जाने से रोक दिया. काफी देर बाद गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाई गई युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है. एसीपी रुबीना मिजवानी ने बताया कि किशोरी आरोपी के साथ संबंध नहीं रखना चाहती थी, इसी बात को लेकर वह नाराज था और दोनों आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया. मामले में आगे की जांच जारी है.

Next Post

देहदान-नेत्रदान और त्वचा दान से दिया सेवा का संदेश

Tue Oct 13 , 2026
इंदौर: कुछ लोग दुनिया से विदा होने के बाद भी दूसरों के जीवन में उम्मीद की रोशनी छोड़ जाते हैं. गोयल एवेन्यू निवासी 68 वर्षीय श्रीमती प्रतिभा अनिल भोसले भी ऐसी ही मिसाल बन गईं. उनके निधन के बाद परिजनों ने देहदान, नेत्रदान और त्वचा दान कर मानवता की सेवा […]

You May Like