नयी दिल्ली, 27 मई (वार्ता) शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार (उच्च शिक्षण संस्थान एवं पॉलिटेक्निक) 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। शिक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि यह आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे। इस पुरस्कार के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) को संस्थागत भागीदार बनाया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि यह पुरस्कार तकनीकी और गैर-तकनीकी उच्च शिक्षण संस्थानों तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों के उत्कृष्ट शिक्षकों और फैकल्टी सदस्यों को प्रदान किए जाएंगे।
पुरस्कार के लिए देश के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक के नियमित फैकल्टी सदस्य आवेदन कर सकेंगे। आवेदक के पास स्नातक या स्नातकोत्तर स्तर पर कम से कम पांच वर्ष का पूर्णकालिक अध्यापन अनुभव होना अनिवार्य है। आवेदन की अंतिम तिथि तक आवेदक की आयु 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। कुलपति, निदेशक और प्राचार्य इस पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे, हालांकि जो व्यक्ति पहले इन पदों पर रह चुके हैं और वर्तमान में सक्रिय सेवा में हैं, वे आवेदन कर सकते हैं। नामांकन स्वयं, संस्थान प्रमुख या सहकर्मियों द्वारा ऑनलाइन किए जा सकते हैं। सभी आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर निर्धारित प्रारूप में जमा करने होंगे। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि पांच जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

