खड़े ट्रक से टकराई अनियंत्रित बाइक, सिवनी के 3 युवकों की मौत

जबलपुर। बरगी थाना अंतर्गत गजना नाला के पास जबलपुर- नागपुर नेशनल हाईवे पर बीती रात रोंगटे खड़े कर देने वाला सडक़ हादसा हो गया। सडक़ किनारे खड़े एक खराब ट्रक में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के पीछे से घुस जाने के कारण बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों मृतक सिवनी के निवासी थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात लगभग 11 बजे गजना नाला और आरटीओ बैरियर के बीच ट्रक क्रमांक सीजी 08 ए डब्ल्यू 8197 तकनीकी खराबी के कारण सडक़ पर खड़ा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 22 जेई 7877 पर सवार तीन युवक जबलपुर की ओर से आ रहे थे, जो अनियंत्रित होकर सीधे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुँचने से पहले तोड़ा दम

सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे की 1033 एम्बुलेंस मौके पर पहुँची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर ले जाया गया। जहाँ ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।

इनकी हुई मौत

मृतकों की पहचान सुरेन्द्र पन्द्रे (25), निवासी कत्ती खामरा, थाना धूमा सिवनी, अजय कुमार उइके (22), निवासी गरघटिया, थाना धूमा सिवनी, गोविन्द प्रसाद परते (21), निवासी सुक्कम, थाना धूमा सिवनी की मौत हुई है। टीआई नीलेश दोहरे ने बताया कि हादसा कैसे और किन परिस्थितियों में हुई जांच चल रही है जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। मृतक अच्छे दोस्त थे और वे किसी काम से जा रहे थे।

सुबह मिली सूचना, जांच में जुटी पुलिस

बरगी पुलिस को रविवार सुबह मेडिकल कॉलेज से इस दर्दनाक घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अंधेरे में खड़े ट्रक का सही संकेत (इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर) न होना और बाइक की तेज गति हादसे का मुख्य कारण हो सकती है। पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है।

Next Post

आरसीबी ने बनाये तीन विकेट पर 250 रन

Sun Apr 5 , 2026
बेंगलुरु, 05 अप्रैल (वार्ता) टिम डेविड (नाबाद 70), देवदत्त पड़िक्कल (50) और कप्तान रजत पाटीदार (नाबाद 48) की विस्फोटक पारियों के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ तीन विकेट पर 250 रनों का विशाल […]

You May Like