नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) की 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल के दौरान ग्रामीण इलाकों में जरूरी बैंकिंग सेवाएं मुहैया कराने के लिए बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट्स (बीसी) नेटवर्क चलाने वाली कंपनियों ने पूरी तैयारी कर ली है। दूरदराज के गांवों में कई बार बैंक शाखाएं या एटीएम ग्राहकों से कई किलोमीटर दूर होते हैं। उस स्थिति में गांव में बैठा बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट ही लोगों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराता है। बैंकों ने हड़ताल से पहले ग्राहकों से कहा है कि वे बैंकिंग सेवाओं के लिए डिजिटल बैंकिंग, एटीएम और अपने आसपास उपलब्ध बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट नेटवर्क जैसे दूसरे विकल्पों का इस्तेमाल करें।
बीएलएस ई-सर्विसेज के उप-मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष मिश्रा ने कहा, “ऐसा पहली बार नहीं है जब हमने ऐसी स्थिति में ग्राहकों का साथ दिया है। महामारी के दौरान भी कंपनी ने पूरे देश में बिना रुकावट सेवाएं देने का मजबूत रिकॉर्ड बनाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर समस्या यह नहीं होती कि बैंकिंग सेवा उपलब्ध है या नहीं, बल्कि यह होती है कि लोगों को बैंकिंग सेवा के लिए कितनी दूर जाना पड़ता है। गांव में या उसके आसपास काम करने वाला बीसी इस दूरी को कम करता है। हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि हमारे बीसी पॉइंट अच्छी तरह से तैयार रहें और ग्राहकों को वे सभी सेवाएं मिलें जो हमारे पार्टनर बैंक उन्हें देने की अनुमति देते हैं।”
वित्त मंत्रालय के 17 जुलाई 2026 के आंकड़ों के अनुसार, देश में 17.36 लाख से अधिक बीसी, 1.81 लाख से अधिक बैंक शाखाएं और 1.65 लाख भारतीय डाक भुगतान बैंक (आईपीपीबी) हैं। वहीं, कुल 6,01,328 आबाद गांवों में से 6,00,868 गांवों (99.92 प्रतिशत) में अब पांच किलोमीटर के अंदर बैंकिंग सेवा उपलब्ध है। यह सेवा बैंक शाखा, बीसी या आईपीपीबी केंद्र के माध्यम से मिल रही है।
बीसीआरसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक डी. त्रिपाठी ने कहा, “हम अपने पार्टनर बैंकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि इस दौरान ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में किसी तरह की परेशानी न हो। हमारे बीसी भी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि ग्राहकों को जरूरी वित्तीय सेवाएं मिलती रहें।”
बीसी नेटवर्क की संख्या पारंपरिक बैंक शाखाओं के नेटवर्क से लगभग 10 गुना अधिक है। हालांकि, बीसी पॉइंट पर मिलने वाली सेवाएं पूर्ण बैंक शाखा की सेवाओं से अलग होती हैं। बीसी बैंक के विस्तारित सेवा केंद्र की तरह काम करते हैं। खासकर ऐसे क्षेत्रों में जहां बैंकिंग सेवाएं कम हैं, बीसी के माध्यम से पैसे जमा करना, पैसे निकालना, पैसे भेजना, बैलेंस चेक करना और दूसरी बैंकिंग सेवाएं मिलती हैं।

