
दतिया, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को पंडोखर ग्राम पंचायत भवन में जनकल्याण शिविर लगा। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में बिजली, अतिक्रमण, आवास और पट्टा सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े 100 से अधिक आवेदन आए। कलेक्टर ने अधिकारियों को आवेदनों का प्राथमिकता से परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी।
शिविर के बाद कलेक्टर ने सोंफ्ता स्थित सुरभि गौशाला का निरीक्षण किया। समिति के अनुसार यहां करीब 80 गोवंश की देखभाल हो रही है। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए गौशाला के नियमानुसार पंजीयन पर चर्चा की। अधिकारियों ने क्षेत्र की शासकीय संस्थाओं और कार्यालयों का निरीक्षण भी किया। उद्यम संवाद में रोहित गोली को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत मेडिकल स्टोर शुरू करने के लिए 1.90 लाख रुपए के ऋण का स्वीकृति पत्र दिया गया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह और एसडीएम भाण्डेर बृजेन्द्र सिंह यादव सहित अधिकारी मौजूद रहे।
