कल्याणी, 10 फरवरी (वार्ता) ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ सुदीप कुमार घरामी (299) के शानदार बल्लेबाजी के बाद शाहबाज अहमद (चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत बंगाल ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश पर 90 रनों से जीत दर्ज करते हुए रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट के सेमीफाइल में 19वीं बार जगह बना ली है। जहां उसका मुकाबला रविवार को पहली बार क्वालीफाई करने वाली जम्मू कश्मीर से होगा आज यहां आंध्र प्रदेश ने कल के तीन विकेट पर 64 रन से आगे खेलना शुरु किया। शाहबाज अहमद ने सुबह के सत्र में कप्तान रिकी भुई (30) को आउटकर बंगाल को चौथी सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में सूरज सिंधु जायसवाल ने के वी शशिकांत को खाता खोलने का मौका भी नहीं दिया। सौरभ कुमार (एक) शाहबाज का शिकार बने। कालीडिंडी राजू (25) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये त्रिपुराणा विजय ने नीतीश कुमार रेड्डी के साथ आठवें विकेट के लिए 85 रन जोड़े और बंगाल के गेंदबाजों के परेशान रखा। 72वें ओवर में शाहबाज ने शतक की ओर बढ़ रहे नीतीश कुमार रेड्डी को अपनी ही गेंद पर आउट कर पवेलियन भेज दिया।
नीतीश कुमार रेड्डी ने 144 गेंदों में सात चौके और दो छक्के लगाते हुए 90 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में सुमंता गुप्ता ने त्रिपुराणा विजय (46) को आउट कर 244 के स्कोर पर आंध्रप्रदेश की दूसरी पारी का अंत कर मुकाबला 90 रनों से अपने नाम कर लिया। बंगाल के लिए 299 रनों की पारी खेलने वाले सुदीप कुमार घरामी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ से नवाजा गया। बंगाल के लिए शाहबाज अहमद ने चार विकेट लिये। सूरज सिंधु जायसवाल को दो विकेट मिले। आकाश दीप, सुमंता गुप्ता और अनुस्तुप मजुमदार ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। आंध्रप्रदेश ने पहली पारी में 295 रन का स्कोर बनाया था। बंगाल ने पहली पारी में 629 रनों का स्कोर खड़ा किया था। रविवार को दूसरे सेमीफाइनल में कर्नाटक और उत्तराखंड के बीच भिड़ंत होगी।

