
मंदसौर। सांदीपनि विद्यालय गुर्जरबर्डिया में “मेरी माटी मेरा गणेश” थीम पर एक अनोखा और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ना, भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को सहेजना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने घरों और खेतों से मिट्टी लाकर अपने हाथों से गणेश प्रतिमाएं बनाई। यह केवल कला का अभ्यास नहीं, बल्कि मातृभूमि की माटी से आत्मिक लगाव जगाने का भावनात्मक प्रयास रहा।
बच्चों ने प्रतिज्ञा ली कि भविष्य में वे केवल पर्यावरण हितैषी गणेश प्रतिमाओं का ही निर्माण और स्थापना करेंगे। शिक्षकों ने इस अवसर पर उन्हें लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक द्वारा गणेश उत्सव को सामाजिक एकता और राष्ट्रजागरण का माध्यम बनाने की प्रेरक कथा भी सुनाई।
विद्यालय परिवार का मानना है कि मिट्टी की प्रतिमाएं जल में विलीन होकर पर्यावरण को शुद्ध करती हैं, जबकि प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियां प्रदूषण बढ़ाती हैं। गणेश उत्सव पर इन प्रतिमाओं का प्रदर्शन विद्यालय परिसर में होगा और बाद में विद्यार्थी इन्हें अपने घरों में स्थापित करेंगे।
इस पहल पर कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने विद्यालय परिवार व विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण की रक्षा करेगा बल्कि बच्चों को संस्कृति और परंपरा से आत्मिक रूप से जोड़ने का कार्य भी करेगा। उन्होंने इसे जिले के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
