
रीवा। चोरहटा थाना क्षेत्र से हैरान कर देने वाला एक मामला सामने आया है. यहां ऑनलाइन गेम की बुरी लत ने एक नाबालिग को अपराध के रास्ते पर लाकर खड़ा कर दिया. नाबालिग ने अपनी ही मां के सोने-चांदी से बने तकरीबन 15 लाख रुपए के जेवरात पार कर दिए. नाबालिग के दोस्त के पास से गहने मिले. गहने चोरी होने की जानकारी जब उसकी मां को लगी तो उसके होश उड़ गए. मां ने तत्काल गहने चोरी होने की सूचना पुलिस को दी.
सीधी जिले की बघेडी निवासी एक महिला अपने बच्चों के साथ बहन के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए रीवा आई थी. शुक्रवार को वह चोरहटा थाना क्षेत्र में आयोजित समारोह में शामिल हुई थी और रात को शादी समारोह से वापस अपने रिश्तेदार के घर लौटी. इसके बाद अपने गहने उतार कर एक टिफिन के अंदर रख दिए और दूसरे काम व्यस्त हो गई. कुछ देर बाद जब वापस जाकर देखा तो मौके से टिफिन सहित जेवरात गायब थे. 15 लाख के गहने गायब होने पर महिला के होश उड़ गये और रिश्तेदारो के साथ चोरहटा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान पीडि़ता के द्वारा बताया कि उसके साथ एक नाबालिग बेटा था, वह घर से अचानक गायब है. यह सुनते ही पुलिस को नाबालिग पर शक हुआ. जानकारी मिली की बच्चे के पास मोबाइल है, उस मोबाइल नंबर को जब ट्रेस किया गया तो वह नंबर सीधी में होना पाया गया. लोकेशन के आधार पर जमोड़ी से नाबालिग को पुलिस रीवा लेकर आई. थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि चोरी हुए जेवरात बरामद कर लिये गये है. नाबालिग बेटे द्वारा गुमराह करने की कोशिश की गई. लेकिन पूंछताछ के दौरान बेटे ने सच बताया.
नाबालिग ने पुलिस को किया गुमराह
नाबालिग से जब गायब हुए गहनों के बारे मे जानकारी जुटाई गई तो उसने साफ इनकार कर दिया कि उसके पास कोई गहने नहीं है. और न ही उसके द्वारा कोई चोरी की गई है. जब बच्चे के बैग की तलाशी ली गई तब उसमें न तो टिफिन था और न ही जेवरात थे. पुलिस की टीम नाबालिग को लेकर रीवा आई. टीम ने जब नाबालिग से घुमाफिरा कर सवाल पूछने शुरु किए तो नाबालिग ने कहा कि रीवा के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत मैदानी में स्थित एक गैरेज है. टिफिन और ज्वेलरी का सारा सामान वहां पर हो सकता है. पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, काफी खोजबीन की मगर वहां से भी गहने बरामद नहीं हुए.
नाबालिग के दोस्त से बरामद हुए गहने
नाबालिग ने पुलिस टीम को कई घंटे तक गुमराह किया. इसी दौरान पूछताछ में नाबालिग ने जेवरात सीधी के जमोड़ी में स्थित अपने दोस्त के यहां रखे जाने के बात कही. पुलिस टीम शनिवार की रात तकरीबन 2 बजे जमोड़ी सीधी के लिए रवाना हुई. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसके नाबालिग दोस्त के पास से गहने बरामद कर लिए. तकरीबन 15 लाख के जेवरात को पुलिस बरामद कर वापस रीवा लाई, जिसके बाद पीडि़त ने अपने गहनों की पहचान की.
