दशहरे पर आज भोपाल में ट्रैफिक अलर्ट: 18 मैदानों में रावण दहन, भारी वाहनों की नो-एंट्री; जानें डायवर्जन रूट और पार्किंग

भोपाल: दशहरा पर्व पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को राजधानी भोपाल में यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। शहर के 18 प्रमुख मैदानों में रावण दहन, श्री रामविजय रथ यात्रा और 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन के चलते कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। नगरीय यातायात पुलिस के मुताबिक, दोपहर 2 बजे से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, शाम 5 बजे के बाद जरूरत के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।

इन रास्तों से शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे भारी वाहन

20 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से खजूरी बायपास, मुबारकपुर चौराहा, नया बायपास लांबाखेड़ा, चौपड़ाकला बायपास, पटेलनगर, भानपुर, बेस्टप्राइज, करोंद चौराहा, लालघाटी, प्रभात पेट्रोल पंप चौराहा, सुभाष नगर फाटक, जिन्सी चौराहा, हबीबगंज नाका, सूरज नगर और मिसरोद 11 मील से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

छोला दशहरा मैदान जाने वालों के लिए ट्रैफिक व्यवस्था

भानपुर चौराहे से छोला दशहरा मैदान की ओर केवल उन्हीं हल्के और दोपहिया वाहनों को जाने की अनुमति होगी, जिन्हें रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होना है। नादरा बस स्टैंड और डीआईजी बंगले की ओर जाने वाले वाहन बेस्टप्राइज तिराहा, कृषि उपज मंडी, जेपी नगर तिराहा, डीआईजी बंगला चौराहा या गणेश मंदिर छोला अंडरब्रिज के रास्ते जा सकेंगे।

विदिशा और बैरसिया की ओर से नादरा बस स्टैंड और पुतलीघर बस स्टैंड जाने वाली बसें भानपुर चौराहे या बेस्टप्राइज तिराहे तक ही आ सकेंगी। शाम 6 बजे के बाद इन बसों को दोनों बस स्टैंड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

श्री रामविजय रथ यात्रा के दौरान इन रास्तों पर रोक

श्री रामविजय रथ यात्रा मारवाड़ी रोड स्थित बांके बिहारी मंदिर से शुरू होकर चिंतामन चौराहा, यूनानी सफाखाना, सुल्तानिया रोड, चौकी चौक, घोड़ा नक्कास, छोटे भैया चौराहा और नादरा बस स्टैंड होते हुए छोला दशहरा मैदान पहुंचेगी।

रथ यात्रा के नादरा बस स्टैंड पहुंचने पर भोपाल टॉकीज चौराहे और अल्पना तिराहे से नादरा की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वहीं, रथ यात्रा के छोला रोड में प्रवेश करने पर छोला दशहरा मैदान जाने वाले वाहन काजी कैंप, डीआईजी बंगला, जेपी नगर तिराहा, कृषि उपज मंडी के सामने और बेस्टप्राइज होते हुए पहुंच सकेंगे।

छोला मैदान में यहां होगी पार्किंग

छोला दशहरा मैदान पहुंचने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग रेलवे गोदाम के पास, टिंबर मार्केट और स्टेडियम के पास निर्धारित की गई है। यातायात पुलिस ने लोगों से वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने की अपील की है।

भेल दशहरा मैदान जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते

भेल दशहरा मैदान में रावण दहन के दौरान चेतक ब्रिज, अन्ना नगर, करियर कॉलेज, बीएचईएल गेट नंबर-6, सिक्योरिटी लाइन तिराहा और हेमा स्कूल के आसपास यातायात का दबाव रह सकता है।

एमपी नगर और चेतक ब्रिज से अवधपुरी जाने वाले वाहन अन्ना नगर से दाएं मुड़कर हबीबगंज मस्जिद तिराहा पहुंच सकते हैं। यहां से बाएं मुड़कर जवाहरलाल नेहरू गुलाब उद्यान होते हुए बीएचईएल और अवधपुरी की ओर जा सकेंगे।

सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक पथ संचलन का असर

दशहरा पर्व पर शहर में करीब 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन निकाले जाएंगे। पुराने शहर के अशोका गार्डन, छोला, शाहजहांनाबाद, कोतवाली, तलैया, बुधवारा, मंगलवारा और हनुमानगंज क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है।

इन 18 मैदानों में होगा रावण दहन

भोपाल में दशहरे पर बैरागढ़, गांधीनगर, कोहेफिजा, छोला, हाउसिंग बोर्ड, अशोका गार्डन, जंबूरी, अयोध्या नगर, भेल, एमवीएम कॉलेज, विठ्ठल मार्केट, लहारपुरा, पांच नंबर बस स्टॉप, ओल्ड कैंपियन, टीटी नगर, कोलार, शाहपुरा और कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड में रावण दहन के बड़े आयोजन होंगे।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दशहरे पर घर से निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी लें, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि रावण दहन और रथ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Next Post

डूबने से मृत्यु हो जाने पर 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

Tue Oct 20 , 2026
आलीराजपुर। अनुविभागीय अधिकारी आलीराजपुर ने ग्राम तीखी इमली निवासी राजवीर एवं यशराज पिता गोविंद चौहान तथा रिवांश पिता राजा चौहान की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर आरबीसी 6-4 के तहत प्रत्येक मृतक के वैध वारिस को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। स्वीकृत सहायता […]

You May Like