
परासिया/ छिंदवाड़ा। जिले में प्रशासनिक अधिकारियों की मनमानी के आरोपों के बीच परासिया तहसील में गंभीर मामला सामने आया है। यहां नायब तहसीलदार ने एक डंपर चालक को मंदिर परिसर में बेरहमी से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार बीजी कंस्ट्रक्शन कंपनी का डंपर गिट्टी भरकर छिंदवाड़ा से आ रहा था। चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर कोसमी मंदिर में दर्शन करने गया, तभी नायब तहसीलदार और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया और मंदिर परिसर में ही मारपीट कर दी।
पीड़ित जब शिकायत लेकर परासिया थाने पहुंचा, तो थाना प्रभारी ने रिपोर्ट लिखने से इनकार कर उसे एसडीएम कार्यालय जाने को कहा। बाद में चालक ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। चालक का आरोप है कि दस्तावेज दिखाने के बावजूद उससे पैसे की मांग की गई और विरोध करने पर पिटाई की गई।
उधर, मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी देर रात अचानक बंद हो गए। बताया जा रहा है कि कैमरों की हार्ड डिस्क निकाल ली गई, जिससे घटना का फुटेज गायब होने की आशंका जताई जा रही है। इस पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर सबूत मिटाने की कोशिश क्यों की जा रही है।
इस मामले में अनुविभागीय अधिकारी परासिया शुभम कुमार यादव ने कहा कि उन्हें अभी इसकी जानकारी नहीं है, वे जानकारी लेकर ही कुछ कह पाएंगे।
