सिंगापुर,19 जुलाई (वार्ता) उत्तर कोरिया ने नये समुद्र तटीय रिसॉर्ट पर कुछ हफ्तों बाद ही विदेशी पर्यटकों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
एक जुलाई को खोले गए वॉनसन कल्मा तटीय पर्यटन क्षेत्र को उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की पर्यटन को बढ़ावा देने की महत्वाकांक्षाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया जा रहा है। उत्तर कोरिया ने फरवरी में ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन सहित पश्चिमी देशों के पर्यटकों को भी अनुमति दी थी। लेकिन अचानक उसने कुछ हफ़्तों बाद बिना किसी स्पष्टीकरण के पर्यटकों को रोक दिया।
रिसॉर्ट के खुलने से पहले इसे स्थानीय और विदेशी पर्यटकों के लिए एक आकर्षण के रूप में प्रचारित किया गया था।बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार इस हफ़्ते उत्तर कोरिया की पर्यटन वेबसाइट पर एक नोटिस में कहा गया है कि विदेशियों को ”अस्थायी रूप से” यहाँ आने की अनुमति नहीं है।
रिपोर्ट के अनुसार पिछले हफ़्ते जब कथित तौर पर पहले रूसी पर्यटक वॉनसन स्थित रिसॉर्ट में पहुँचे लगभग उसी समय रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शहर में श्री किम से मुलाकात की।श्री लावरोव ने समुद्र तटीय विकास को एक ”अच्छा पर्यटक आकर्षण” बताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह रुस के लोगों के बीच लोकप्रिय होगा। रूस के राजदूत 24 जून को श्री किम और उनके परिवार के साथ रिसॉर्ट के निर्माण पूरा होने के समारोह में शामिल हुए थे।पिछले साल उत्तर कोरिया ने महामारी के दौरान पर्यटन पर कई वर्षों के निलंबन के बाद रूसी पर्यटकों को देश में आने की अनुमति दी थी।
बीबीसी ने एएफपी की एक समाचार रिपोर्ट के हवाले से बताया कि दोनों देश इस महीने के अंत तक सीधी उड़ानें शुरू करने वाले हैं।
उत्तर कोरिया के पूर्वी तट पर स्थित शहर वॉनसन देश की कुछ मिसाइल सुविधाओं और एक बड़े समुद्री परिसर में हॉलीडे विला है। श्री किम ने अपनी युवावस्था का अधिकांश समय यहीं बिताया।
सरकारी मीडिया के अनुसार नए समुद्र तटीय रिसॉर्ट के समुद्र तट के चार किलोमीटर के हिस्से में होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल और एक वाटर पार्क है। इसकी क्षमता लगभग 20,000 लोगों की है। वर्ष 2018 में रिसॉर्ट का निर्माण शुरू होने के बाद से मानवाधिकार समूहों ने इसके श्रमिकों के साथ कथित दुर्व्यवहार का विरोध किया है।उनका आरोप है कि श्रमिकों को लंबे समय तक काम करने और अपर्याप्त मुआवजे के साथ कठोर परिस्थितियों में काम करने के लिए मजबूर किया गया था।

