नयी दिल्ली, 08 जुलाई (वार्ता) सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने पर्यावरण के प्रति संवेदनशील जीवनशैली अपनाने की दिशा में इलेक्ट्रोनिक वाहनों के इस्तेमाल के लिए युवाओं को प्रोत्साहन करने के वास्ते इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और स्थायित्व अभियान ‘कोलैब इंजिन’ को मंगलवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
श्री टम्टा ने आज यहां अपने आवास सुनहरी बाग से राष्ट्रव्यापी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और स्थिरता अभियान को पर्यावरण संरक्षण के लिए जीवन शैली में बदलाव लाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल के तहत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
‘कोलैब इंजिन’ इलेक्ट्रक वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए युवा-नेतृत्व वाला ईवी रोड अभियान है जिसके तहत 25 से ज्यादा शहरों को जोड़ते हुए 10,500 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय की जानी है। यह अभियान इलेक्ट्रिक वाहनों से सबसे लंबी दूरी तय करने के विश्व कीर्तिमान बनाने का प्रयास भी है।
इसका मकसद लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने और सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करना है। अभियान की शुरुआत इलेक्ट्रिक वाहन से की गई है, जो इस पूरे मार्ग में प्रदूषण-मुक्त यात्रा करेगा। टीम रास्ते में विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर जनसंवाद और जागरूकता सत्र आयोजित करेगी।
श्री टम्टा ने कहा, “युवाओं की यह पहल आने वाले भारत की हरित और जिम्मेदार भविष्य की ओर एक मजबूत कदम है। सरकार इस तरह के अभियानों का स्वागत करती है और इन्हें अपना समर्थन देती है।”
कोलैब इंजिन टीम ने बताया कि इस यात्रा के दौरान वे स्थानीय प्रशासन, पर्यावरण कार्यकर्ताओं और छात्र समुदाय के साथ संवाद कर लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल के लाभ, हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाएंगे। अभियान में शामिल युवाओं का कहना था कि उनकी टीम अब इस प्रेरणास्पद यात्रा के माध्यम से देशभर के नागरिकों को जागरूक करने के लिए निकल चुकी है।

