बुधनी. तहसील मुख्यालय से सलकनपुर रोड़ की स्थिति इस समय काफी दयनीय है. हालांकि नेशनल हाईवे 146 बी बुधनी संदलपुर मार्ग को फोर लेन का काम शुक्ला कंस्ट्रक्शन कम्पनी द्वारा किया जा रहा है. लेकिन निर्माण कार्य में लापरवाही अब वाहन चालकों पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है जिसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
गौरतलब है कि बुधनी से संदलपुर तक फोर लेन हाईवे बनाया जा रहा है. जिसमें लगातार काम के साथ सरकार के सामने भूमि अधिग्रहण की समस्या भी आई और ग्रामीणों ने इसका विरोध भी किया. ठेका कम्पनी द्वारा बुधनी ओवरब्रिज से सलकनपुर की ओर सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है उसमें अब बरसात के मौसम में सर्विस रोड़ नहीं बनाए जाने से गड्ढों भरी सड़क पर आए दिन वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं. दो दिन से क्षेत्र में बारिश का दौर शुरू हुआ है जिसके चलते सड़कों पर पानी भरा हुआ है जिसके चलते हादसे हो रहे हैं.
बीती रात मधुबन अस्पताल के पास भूसे से भरा बड़ा कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. गनीमत रही उसकी चपेट में कोई नहीं आया नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था. ट्रक पलटने से जाम की स्थिति लगातार बन रही हैं. उक्त कार्य के दौरान सड़कों पर बड़े-बड़े गड्डे होने पर सबंधित विभाग के आधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं जिसमें दो पहिया एवं चार पहिया वाहन चालक भी खासे परेशान हो रहे हैं. ये लापरवाही अब लोगों की जान पर बन आई है. इस मामले में स्थानीय लोगों ने जब उसकी शिकायत की तो निर्माणाधीन हाइवे की देखरेख कर रही एसडीओ नीतू पटेल मौके पर पहुंची जहां उन्होंने वास्तविक स्थिति को देख चिंता जाहिर करते हुए ठेकेदार को सड़क पर बने गड््ढों को जल्द से भरने के निर्देश दिए. मधुबन अस्पताल से बुधनी तिराहे तक एक तरफ सड़क निर्माण कार्य किया गया है. उस सड़क पर जल्द ही ट्रैफिक चालू कर समस्या को हल करने का प्रयास कर रहे हैं जिसमे आमजन को असुविधा न हो. सड़क निर्माण कार्य में बरसात के चलते परेशानियां आ रही हैं. लेकिन ठेकदार द्वारा वैकल्पिक व्यवस्थाएं नहीं करने से आमजन और वाहन चालक भी परेशान दिखाई दे रहे हैं. इस मामले में पीलीकरार के सरपंच घनश्याम पकरवाल का कहना है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्डे होने से आए दिन वाहन चालक गिर रहे हैं. चिकनी मिट्टी और रोड पर गड्ढे होने की वजह से लगातार जाम की स्थिति भी बनी रहती है.
