मुंबई, 29 मई (वार्ता) अमेरिकी संघीय न्यायालय के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रस्तावित ‘लिबरेशन डे’ टैरिफ पर रोक लगाने से विश्व बाजार में आई तेजी से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत शेयर बाजार पिछले लगातार दो दिनों की गिरावट से उबरकर आज बढ़त के साथ बंद हुआ।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 320.70 अंक की छलांग लगाकर 81,633.02 अक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 81.15 अंक चढ़कर 24833.60 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह बीएसई का मिडकैप 0.48 प्रतिशत उछलकर 45,311.54 अंक और स्मॉलकैप 0.39 प्रतिशत चढ़कर 52,325.75 अंक हो गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 4111 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2020 में लिवाली जबकि 1957 में बिकवाली हुई वहीं 134 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में कारोबार के लिए रखी गई कुल 2947 कंपनियों के शेयरों में से 1510 में तेजी जबकि 1373 में गिरावट रही वहीं 64 में टिकाव रहा।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी न्यायालय द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की पारस्परिक कर नीति को खारिज किए जाने के बाद वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख देखने को मिला। हालांकि घरेलू स्तर पर तेल की कीमतों में वृद्धि और अमेरिकी 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड में उछाल के चलते बाजार दिन भर सीमित दायरे में कारोबार करता रहा।
सत्र के अंतिम घंटे में वायदा सौदा निपटान से प्रेरित लिवाली के चलते कुछ सुधार देखने को मिला। आईटी और फार्मा जैसे निर्यात-उन्मुख क्षेत्रों ने व्यापार तनाव में नरमी की संभावनाओं के बीच बेहतर प्रदर्शन किया। हालांकि, घरेलू मोर्चे पर मजबूत ट्रिगर्स की अनुपस्थिति और औद्योगिक उत्पादन के आठ महीने के निचले स्तर पर पहुंचने से बाजार में अल्पकालिक समेकन की संभावना जताई जा रही है।
इससे विश्व बाजार में तेजी का रुख रहा। जर्मनी का डैक्स 0.32, जापान का निक्केई 1.88, हांगकांग का हैंगसेंग 1.35 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.70 प्रतिशत उछल गया। हालांकि ब्रिटेन के एफटीएसई में 0.05 प्रतिशत की गिरावट रही।
इसका असर घरेलू स्तर पर दिखा और बीएसई में एफएमसीजी की 0.05 प्रतिशत की गिरावट को छोड़कर अन्य 20 समूहों में लिवाली हुई। इस दौरान कमोडिटीज 0.53, सीडी 0.55, ऊर्जा 0.19, वित्तीय सेवाएं 0.15, हेल्थकेयर 0.51, इंडस्ट्रियल्स 0.41, आईटी 0.71, दूरसंचार 0.40, यूटिलिटीज 0.34, ऑटो 0.42, बैंकिंग 0.37, कैपिटल गुड्स 0.31, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.23, धातु 0.89, तेल एवं गैस 0.07, पावर 0.23, रियल्टी 1.21, टेक 0.65, सर्विसेज 0.69 और फोकस्ड आईटी समूह के शेयर 0.79 प्रतिशत मजबूत रहे।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 279 अंक की तेजी के साथ 81,591.03 अंक पर खुला और लिवाली की बदौलत थोड़ी देर बाद ही 81,816.89 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। वहीं, बिकवाली होने से दोपहर तक यह 81,106.98 अंक के निचले स्तर तक लुढ़क गया। अंत में पिछले दिवस के 81,312.32 अंक के मुकाबले 0.39 प्रतिशत चढ़कर 81,633.02 अंक हो गया।
इसी तरह निफ्टी 73 अंक की मजबूती के साथ 24,825.10 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 24,892.60 अंक के उच्चतम जबकि 24,677.30 अंक के निचले स्तर पर रहा। अंत में पिछले सत्र के 24,752.45 अंक की तुलना में 0.33 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 24,833.60 अंक पर बंद हुआ।
इस दौरान सेंसेक्स की मुनाफा कमाने वाली कंपनियों में इंडसइंड बैंक 2.41, सन फार्मा 2.04, अडानी पोर्ट्स 1.92, इटरनल 1.85, टाटा स्टील 1.27, टेक महिंद्रा 1.24, टाटा मोटर्स 0.91, इंफोसिस 0.85, पावरग्रिड 0.69, मारुति 0.69, एक्सिस बैंक 0.64, कोटक बैंक 0.50, नेस्ले इंडिया 0.49, रिलायंस 0.44, भारती एयरटेल 0.42, टाइटन 0.40, एचसीएल टेक 0.34, अल्ट्रासिम्को 0.33, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.28, एचडीएफसी बैंक 0.27, एलटी 0.26, हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.25, आईसीआईसीआई बैंक 0.20 और एसबीआई 0.11 प्रतिशत शामिल रही।
वहीं, बजाज फाइनेंस 0.72, बजाज फिनसर्व 0.51, आईटीसी 0.32, एशियन पेंट 0.24, एनटीपीसी 0.21 और टीसीएस के शेयर 0.03 प्रतिशत नुकसान में रहे।
