आठनेर में करंट लगने से इकलौते बेटे की मौत, प्रतियोगी परीक्षा की कर रहा था तैयारी

बैतूल। आठनेर क्षेत्र में करंट लगने से 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना ग्राम छिंदवाड़, थाना आठनेर क्षेत्र की है। मृतक की पहचान शिव शंकर पिता पंजाब राव इवने (24) के रूप में हुई है। वह सोमवार रात अपने घर में बिजली के बोर्ड में प्लग लगा रहा था या स्विच चालू कर रहा था, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा।

परिजनों के अनुसार घटना रात करीब 11 बजे की है। युवक को करंट लगने के बाद परिवार के सदस्य उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां उपचार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय बैतूल रेफर कर दिया। परिजन उसे गंभीर हालत में रात में ही जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां तड़के करीब तीन बजे चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया गया।

पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में मर्ग कायम कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने बताया कि शिव शंकर ने भोपाल से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी और इन दिनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक छोटी बहन है।

Next Post

अनियंत्रित ई-रिक्शा ने कुचला, बुजुर्ग की मौत

Tue Mar 10 , 2026
जबलपुर। घमापुर थाना अंतर्गत लालमाटी में अनियंत्रित ई-रिक्शा ने बुजुर्ग को टक्कर मार दी। सड़क हादसे में घायल 71 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार लालमाटी सिद्धबाबा रोड निवासी प्रियांशी सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि उसके नाना रामपाल सिंह (71) खमरिया फैक्ट्री से रिटायर्ड थे, […]

You May Like

मनोरंजन