जीवाजी में अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग बढ़ाने की तैयारी, शोध गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत स्वीकृत 100 करोड़ रुपए की राशि से शैक्षणिक और शोध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए बहुविषयक शिक्षा एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का रोडमैप तैयार किया गया है। इसमें शिक्षकों की शैक्षणिक और शोध क्षमता बढ़ाने के साथ अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। एमपीकॉन भोपाल की ओर से प्रस्तावित गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण कर इनके क्रियान्वयन की रूपरेखा साझा की गई।

कार्यक्रम में एमपीकॉन की समन्वयक डॉ. संध्या जोशी की मौजूदगी में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के सदस्यों ने प्रस्तावित गतिविधियों पर चर्चा की। इसमें फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम, अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों, सम्मेलनों और अन्य अकादमिक कार्यक्रमों के आयोजन की योजना प्रस्तुत की गई। इन कार्यक्रमों के जरिए शिक्षकों को शोध के नए अवसर उपलब्ध कराने, उनकी विषयगत दक्षता बढ़ाने और विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता बेहतर करने की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि शिक्षकों और शोधकर्ताओं को वैश्विक स्तर पर अकादमिक गतिविधियों से जुड़ने के अवसर मिल सकें। विश्वविद्यालय के पीएम उषा नोडल अधिकारी डॉ. समीर भाग्यवंत ने कहा कि योजना के तहत प्रस्तावित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाना जरूरी है। प्रत्येक गतिविधि के लिए जिम्मेदारी तय करने के साथ निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने एमईआरयू के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए विश्वविद्यालय के सभी संबंधित विभागों की सहभागिता और आपसी समन्वय को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का व्यवस्थित क्रियान्वयन और उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा होने से निर्धारित उद्देश्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में पीएम उषा के तहत स्वीकृत राशि के उपयोग, प्रस्तावित शैक्षणिक गतिविधियों और उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रो. हेमंत शर्मा, डॉ. राधा तोमर, डॉ. निमिषा जादौन, डॉ. सुशील मंडेरिया, प्रो. एसएन महापात्रा, प्रो. एसके श्रीवास्तव, डॉ. गणेश दुबे और डॉ. विजय मोघे सहित विभिन्न संकायों के सदस्य मौजूद रहे।

Next Post

सर्वे करने पहुंचा प्रशासन, विरोध के बाद बैरंग लौटा

Thu Oct 22 , 2026
ओंकारेश्वर। दो दिन के बंद के बाद 98 लोगों की सहमति पर प्रशासन सर्वे करने ममलेश्वर मार्ग पहुंचा तो हड़कंप मच गया। महिलाओं ने तहसीलदार और कर्मचारियों को खरी-खोटी सुनाई। कलेक्टर के निर्देश पर SDM पंकज वर्मा ने सर्वे के आदेश दिए थे। मौके पर रवि यादव, राहुल मोरे सहित […]

You May Like