दिल दहला देने वाली घटना: रायसेन के सगौर गांव में पानी भरने गईं तीन सगी-चचेरी बहनें कुएं में डूबीं, मौत; गांव में पसरा मातम

रायसेन। रायसेन जिले में गढ़ी पुलिस चौकी के सगौर गांव में शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चियों की कुएं में डूबने से मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम पसर गया।

उप संभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) सोनाली गुप्ता के अनुसार आज सगौर गांव के आदीवासी निवासी कुमारी राधा पुत्री हल्केराम (12), कुमारी अमृता पुत्री रामगोपाल (12) तथा कुमारी तनु पुत्री हल्केराम (13) गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित कुएं पर पानी भरने गई थीं।

बताया जा रहा है कि पानी भरने के दौरान बच्चियां कुएं में नहाने लगीं। इसी दौरान एक बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और उसे बचाने के प्रयास में अन्य दोनों बच्चियां भी कुएं में उतर गईं। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में डूब गईं।

घटना के समय साथ में मौजूद एक अन्य बच्ची अमीना घबराकर गांव पहुंची और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद तीनों बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ग़ैरतगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Post

श्रमिकों के एरियर का जल्द होगा भुगतान, बिना कारण काम से हटाने पर लगी रोक

Sat May 23 , 2026
बैतूल। अपर रेस्ट हाउस में शनिवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने मध्यप्रदेश पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड और वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड से जुड़े श्रमिकों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों, श्रमिक यूनियन प्रतिनिधियों और श्रम विभाग के साथ बैठक की। बैठक में मजदूरों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर […]

You May Like