
खरगोन। कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नल.जल योजनाओं एवं जल जीवन मिशन की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने मई माह में सभी योजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए है।
जिले में कुल 778 नल.जल योजनायें स्वीकृत हैं। इनमें से 603 का कार्य पूर्ण हो चुका है और 173 योजनायें प्रगतिरत हैं। पूर्ण हो चुकी 536 योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित कर दिया गया और 505 योजनाओं का सत्यापन का कार्य हो गया है। कलेक्टर सुश्री मित्तल ने बैठक में निर्देशित किया कि नल.जल योजना के पूर्ण होते ही उसे ग्राम पंचायत को हस्तांरित कर उसके सत्यापन का कार्य कराया जाये। प्रगतिरत जिन योजनाओं में 80 प्रतिशत कार्य हो गया है उन्हें मई माह के अंत तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिये गये। जिन ठेकेदारों द्वारा योजनाओं का काम नहीं किया जा रहा है उनके विरूद्ध कार्यवाही करने एवं उनका टेंडर निरस्त करने के निर्देश दिये गये। गोगांवा की नल.जल योजना से 10 दिनों तक पानी नही मिलने की समस्या पर सरपंच एवं सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। बैठक में बताया गया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के भीकनगांव के बीसी द्वारा अपने कार्य में रूचि नहीं ली जा रही है। इस पर कलेक्टर द्वारा उस संविदा बीसी की सेवायें समाप्त करने एवं उसका प्रभार अन्य व्यक्ति को देने के निर्देश दिये गये।
