इंदौर:ब्राउन शुगर तस्करी की जांच के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी से पुलिस ने कई घंटे तक पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार दो आरोपियों से पूछताछ में नाना पटवारी और मानव गंगवानी का नाम सामने आया था। इसके बाद राजेंद्र नगर पुलिस ने नाना पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। देर रात पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें सशर्त रिहा कर दिया गया।
डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पुलिस केवल गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे ड्रग्स नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। मामले में तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य अहम जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
वहीं, नाना पटवारी के वकील जय हार्डिया ने कहा कि उनसे अभी मुलाकात नहीं हो सकी है, इसलिए पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद ही विस्तृत प्रतिक्रिया दी जाएगी। इधर, इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया है, जबकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
