
भोपाल। निशातपुरा थाना इलाके में एक युवक पर करीब 5 से 6 की संख्या में बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. गंभीररूप से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. हमलावर मौके से फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच करते हुए बदमाशों की तलाश कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक फरियादी इरफान ने पुलिस को बताया कि वह फेयरवेल पार्टी में शामिल होने गया था. रास्ते में उसकी रेहान नाम के युवक से कहासुनी हो गई. रेहान ने गाली-गलौज करते हुए इरफान के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी. इस दौरान रेहान के 5 से 6 की संख्या में साथी वहां पहुंच गए. बदमाशों ने इस दौरान इरफान पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे इरफान गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. घायल को तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया. मामला संज्ञान में आने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
