
भोपाल। फर्जी पुलिस इंस्पेक्टर बनकर फोन कॉल के माध्यम से ब्लैकमेलिंग करने वाले आरोपियों की तलाश में कोलार थाना पुलिस जुटी हुई है. हनीट्रैप से जुड़े इस मामले में 30 वर्षीय सुल्तान खान की मौत के बाद पुलिस एक संदिग्ध युवती की तलाश कर रही है. मृतक के परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस को सुल्तान के मोबाइल फोन से कई कॉल डिटेल्स और धमकी भरे टेक्स्ट मैसेज मिले हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों द्वारा उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. मोबाइल में मिले कई संदेशों में गाली-गलौज और धमकियों का उल्लेख है.
पुलिस के अनुसार लंबे समय से चल रहे मानसिक दबाव के चलते सुल्तान यह तनाव सहन नहीं कर सका और उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया. आत्महत्या के इस मामले की जांच फिलहाल कोलार थाना पुलिस द्वारा की जा रही है.
बताया जा रहा है कि नगर निगम में वाहन चालक के रूप में कार्यरत सुल्तान ने मंगलवार को जहरीला पदार्थ खा लिया था. परिजन उसे तुरंत एम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों का कहना है कि वह बीते कई महीनों से तनाव में था. उन्होंने पुलिस को सुल्तान के मोबाइल से आरोपियों को करीब 8 लाख रुपये भेजे जाने के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं.
