
छतरपुर। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के अभियान के तहत प्रशासन ने शुक्रवार को शांति तालाब, पुरानी सराय और बस स्टैंड क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाए गए।
अधिकारियों ने बताया कि शांति तालाब के जीर्णोद्धार और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बंद पड़े रास्तों को फिर से खोला जा रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
प्रशासन के अनुसार, अतिक्रमण हटाए गए स्थान पर बाईपास मार्ग विकसित करने की योजना है, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
