अंतरराष्ट्रीय शूटर सबीरा हारिस ने इटली के लोनाटो में भारत का नाम रोशन किया

नयी दिल्ली, 14 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय विश्वविद्यालय जामिया मिल्लिया इस्लामिया की प्रथम वर्ष की बीबीए की छात्रा और अंतरराष्ट्रीय शूटर सबीरा हारिस ने इटली के लोनाटो में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शॉटगन शूटिंग प्रतियोगिता पेराजी कप में सीनियर महिला वर्ग में 187/200 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान हासिल कर देश का नाम रोशन किया है।

जामिया गेम्स एंड स्पोर्ट्स विभाग के निदेशक प्रोफेसर नफीस अहमद ने शुक्रवार को सबीरा को सम्मानित करते हुए उनकी सफलता के लिए बधाई दी और उन्हें अपने दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से भविष्य में भी देश और संस्थान का नाम रोशन करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता 23 से 26 जुलाई को इटली के लोनाटो में आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि सबीरा की इस उपलब्धि में जामिया के पूर्व छात्र और अंतरराष्ट्रीय शूटर रैयान रिजवी के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जामिया के कुलपति प्रोफेसर मज़हर आसिफ ने सबीरा की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उन्हें बधाई दी और कहा कि विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। जामिया के रजिस्ट्रार प्रो. मोहम्मद महताब आलम रिज़वी ने भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर सबीरा की उल्लेखनीय उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने सबीरा की प्रतिबद्धता और असाधारण प्रतिभा को रेखांकित करते हुए कहा कि उनकी इस महत्वपूर्ण सफलता से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ा है। उन्होंने सबीरा का उत्साहवर्धन करते हुए आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। सबीरा वर्तमान में जूनियर वर्ग में भारत की शीर्ष रैंकिंग वाली खिलाड़ी हैं और कई विश्व चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। सितंबर 2025 में उन्होंने कजाकिस्तान के शिमकेंट में आयोजित एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतकर एशियन जूनियर चैंपियन का खिताब हासिल किया था। इसके अलावा उन्होंने 2024 में इटली के पोर्पेटो और पेरू में तथा 2025 में साइप्रस में आयोजित सीनियर विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीते हैं, जबकि 2022 में जर्मनी में रजत पदक हासिल किया था।

सबीरा ने काहिरा में जूनियर विश्व कप में 106/125 अंक के साथ नौवां स्थान हासिल किया था और शूट-ऑफ में मामूली अंतर से फाइनल में जगह बनाने से चूक गई थीं।

 

 

Next Post

पहला पैरा हॉकी विश्व कप बेल्जियम और नीदरलैंड में 20 से 24 अगस्त तक अयोजित होगा

Fri Aug 14 , 2026
लॉज़ेन (स्विट्जरलैंड), 14 अगस्त (वार्ता) पहला एफआईएच पैरा हॉकी विश्व कप बेल्जियम और नीदरलैंड में 20 से 24 अगस्त तक आयोजित होगा। यह हॉकी और दुनिया भर में बौद्धिक अक्षमता वाले खिलाड़ियों के लिए एक अहम पल है। पहली बार, पैरा हॉकी खिलाड़ी विश्व चैंपियन का खिताब जीतने के लिए […]

You May Like