ग्वालियर: अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर जगन्नाथ मंदिर नया बाजार (इस्कॉन ग्वालियर) में चंदन यात्रा महोत्सव का भव्य शुभारंभ आज बुधवार सुबह हुआ, जो 20 मई तक चलेगा। यह उत्सव 550 वर्षों से अधिक पुरानी परंपरा है, जो भगवान को शीतलता प्रदान करने के लिए चंदन सेवा के रूप में मनाया जाता है। इस दिव्य उत्सव की प्रेरणा गौडीय वैष्णव संप्रदाय के आचार्य श्रील माधवेंद्र पुरी पाद की अद्भुत भक्ति लीला से जुड़ी है।
अक्षय तृतीया पर ठाकुर जगन्नाथ बलदेव सुभद्रा महारानी व गौर निताई का विशेष चंदन अलंकार और अत्यंत मनोहर फूल बंगला दर्शन भक्तों के लिए प्रमुख आकर्षण बन गया। साथ ही, पूरे उत्सव में हर दिन हरीनाम संकीर्तन, प्रवचन, आरती एवं महाप्रसाद की दिव्य व्यवस्था की गई है। मंदिर के प्रबंधक महेंद्र प्रभु ने कहा, चंदन यात्रा केवल एक परंपरा नहीं, यह भक्ति और सेवा का ऐसा पर्व है जो माधवेंद्र पुरी की आत्मीयता और प्रेम से प्रेरित है। हर भक्त को इस उत्सव में भाग लेकर ठाकुर जी की शीतल सेवा का लाभ लेना चाहिए।
