
विदिशा। बुधवार को डोल ग्यारस के अवसर पर नगर में विभिन्न मंदिरों द्वारा भगवान को नगर का भ्रमण विमान में बैठाकर कराया गया। इस दौरान लोगों ने जगह-जगह भगवान के विमान की पूजा अर्चना की और परिवार की सुख समृद्धि की कामना की गई। साथ ही नगर के विभिन्न निजी स्कूलों, घरों में विराजित और चौक चौराहों पर लगाई गई गणेश प्रतिमाओं को लोगों द्वारा ढोल नगाड़े और डीजे की धुन पर नाचते गाते हुए गणपति बप्पा को विदाई दी गई। साथ ही कलेक्टर अंशुल गुप्ता, एसपी रोहित काशवानी द्वारा विमान की पूजा अर्चना की गई।
डोल ग्यारस के अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों और सामाजिक संगठनों द्वारा भगवान को विमान में बैठकर नगर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान ढोल नगाड़े और बैंड बजे के साथ विमान निकाले गए। इस दौरान नगर के लोगों ने जगह-जगह विमान की पूजा अर्चना की और परिवार की सुख समृद्धि की कामना की गई। वहीं कलेक्टर अंशुल गुप्ता और एसपी रोहित काशवानी द्वारा रामलीला समिति की ओर से सभी विमानों की पूजा अर्चना की गई। इसके बाद सभी विमान बेतवा नदी में जल विहार के लिए भगवान को लेकर पहुंचे और वहां पर पूजा अर्चना की गई। इस दौरान सभी विमान बेतवा नदी से होकर वापस अपने-अपने स्थान के लिए रवाना हुए।
इसके साथ ही डोल ग्यारस के अवसर पर घरों में विराजित गणेश जी की प्रतिमाओं और निजी स्कूलों और अन्य स्थानों पर लगी भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाया गया। इस दौरान सनराइजर्स हाई सेकेंडरी स्कूल में लगाई गई भगवान गणेश की झांकी को बड़े धूमधाम से निकाल गया और इस दौरान स्कूल के सभी बच्चे और स्टाफ भगवान गणेश की विदाई देने के लिए नाचते गाते हुए बेतवा नदी पहुंचे और भगवान गणेश की पूजा अर्चना कर उनका विसर्जन किया गया। इसके साथ ही नगर के अन्य चौक चौराहों पर छोटी-छोटी प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए लोग गणपति बप्पा मोरिया अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इस दौरान इंद्रदेव ने भी भगवान गणेश का अभिषेक करते हुए दिन भर बारिश होती रही और लोगों ने बारिश में नाचते गाते भगवान गणेश को बेतवा नदी और जानकी कुंड में विसर्जित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाएं विसर्जित की गईं और लोगों ने भगवान गणेश की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की।
