इंदौर: इंदौर के विजय नगर क्षेत्र स्थित कल्प कामधेनु नगर में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना घटी, जब एक महिला के पूर्व पति ने उसके वर्तमान पति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद खजराना थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।पुलिस के अनुसार, कोलकाता निवासी सोनिया अपने पहले पति राजू यादव को छोड़कर बाबू बैरागी के साथ इंदौर में रह रही थी।
शुक्रवार को राजू यादव इंदौर पहुंचा और सोनिया से संपर्क किया। उसने दावा किया कि वह सिर्फ मिलने आया है और जल्द ही कोलकाता लौट जाएगा। इस भरोसे के बाद सोनिया ने उसे अपने घर बुला लिया। दिन भर तीनों ने साथ में समय बिताया, बाजार गए और फिर शराब की बोतल लेकर घर लौटे। रात को तीनों ने साथ में शराब पी और फिर सो गए। देर रात करीब 3 बजे, राजू ने बाथरूम जाने के बहाने सोनिया से लाइट चालू करने को कहा।
जैसे ही लाइट जली, राजू ने अचानक चाकू निकाला और बाबू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सोनिया के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक राजू मौके से भाग चुका था। उसने सोनिया और बाबू का मोबाइल भी तोड़ दिया ताकि कोई पुलिस को सूचना न दे सके. सोनिया घायल बाबू को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
