
नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र की कंजार्डा चौकी अंतर्गत आने वाले बख्तुनी गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 5 बजे जयलाल भील नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी संतोषी बाई भील पर उस समय हमला किया जब वह घर में सो रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी पति ने कुल्हाड़ी से कई वार किए जिससे महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद जयलाल मौके से फरार हो गया और रस्सी लेकर जंगल की ओर चला गया जहां बाद में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इस खौफनाक घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी वारदात के बावजूद करीब 24 घंटे तक इस मामले की जानकारी बाहर नहीं आ सकी। हालांकि सूचना मिलते ही कंजार्डा पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और जांच शुरू कर दी थी। कंजार्डा चौकी प्रभारी श्याम कुमावत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ जिसने एक पति को अपनी ही पत्नी का खून बहाने और फिर खुद अपनी जिंदगी खत्म करने पर मजबूर कर दिया।
