भोपाल। मंगलवारा थाना इलाके में संचालित एक होटल में राजस्थान के रहने वाले व्यक्ति को बेहोशी की हालत में पाया गया. व्यक्ति को मौके पर अस्पताल पुहंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव का पीएम कराते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
मामले की जांच कर रहे प्रधान आरक्षक चंद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि युवक की पहचान पदमलाल नाम के व्यक्ति के रुप में हुई है. पदमलाल की उम्र करीब 43 साल थी. वह राजस्थान के पाली जिले का रहने वाला था और भोपाल में उसका अक्सर आना-जाना बना होता था. इलाके में संचालित एक होटल में वह हमेशा आकर रुकता था. सोमवार को भी वह सुबह के 11 बजे होटल पहुंचा था. दोपहर के करीब 3 बजे पदमलाल को होटल के रूम नंबर 16 में अचेत अवस्था में होटल के कर्मचारियों ने देखा. इसकी सूचना होटल प्रबंधन को दी गई. इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई. मौके पर पहुंची मंगलवारा थाना पुलिस ने पदमलाल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पदमलाल के पास से मिले दस्तावेज और मोबाइल नंबर से उनके परिजनों को भोपाल बुलाया गया. पुलिस ने शव का पीएम कराते हुए परिजनों को सौंप दिया है. मर्ग कायम कर पुलिस जांच में जुट गई है.
