ग्वालियर:ग्वालियर जिले में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां लगातार जारी हैं। इसके तहत आयुष विभाग द्वारा जिलेभर में “100 डेज फ्री लाइव योगा सेशंस” एवं 50 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत कॉमन योगा प्रोटोकॉल आधारित योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।प्रभारी जिला आयुष अधिकारी के अनुसार जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में नियमित रूप से योग शिविर लगाए जा रहे हैं।
साथ ही सभी आयुष औषधालयों में लोगों को योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित किया जा रहा है। योग कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिये टोल फ्री नंबर 18003157008 पर पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। आयुष विभाग द्वारा मध्यप्रदेश श्रम कल्याण मंडल इंटक परिसर हजीरा स्थित सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय ग्वालियर तथा क्षेत्रीय कार्यालय मध्यप्रदेश श्रम कल्याण मंडल, सिकरवार कॉम्प्लेक्स, सरला फार्म, गोला का मंदिर सहित विभिन्न स्थानों एवं कार्यालयों में योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।अब तक जिले में आयोजित योग शिविरों के माध्यम से 4 हजार 296 लोगों को योग प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक जिलेभर में विभिन्न जागरूकता एवं योग गतिविधियां लगातार संचालित की जायेंगी।
