
नयी दिल्ली, 15 अगस्त (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने आउटर नॉर्थ जिले में मदिरा के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान अलग अलग मामलों में छह कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 9,430 क्वार्टर और 1,000 पाउच अवैध शराब जब्त की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले के संवेदनशील इलाकों में 14 अगस्त को चलाए गए समन्वित छापेमारी, निगरानी और चेकिंग अभियानों के बाद दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत कुल छह मामले दर्ज किए गए हैं। शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।
सबसे बड़ी बरामदगी नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने की गयी। यहां दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनकी पहचान 52 वर्षीय ओमेंदर और 42 वर्षीय कालू राम कुमार उर्फ रामू के रूप में की है। ओमेंदर के कब्जे से 3,500 क्वार्टर अवैध शराब और एक बोलेरो पिकअप बरामद की गई, जबकि कालू राम से 2,745 क्वार्टर शराब और एक स्कूटी जब्त की गई।
इसके अलावा बवाना थाना पुलिस ने सूरज (38) को 2,000 क्वार्टर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य मामले में विक्रम (28) को 1,000 पाउच अवैध शराब के साथ पकड़ा गया। शाहबाद डेयरी थाने की पुलिस ने एक 48 वर्षीय महिला को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से 1,185 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की। इस पूरे अभियान के दौरान छह एफआईआर दर्ज की गईं, छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और परिवहन में प्रयुक्त एक बोलेरो पिकअप, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी जब्त की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई शराब के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
