पटवारी पर हमले की कांग्रेस ने की निंदा कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस ने रविवार को रतलाम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर हुए कथित हमले की कड़ी निंदा करते हुए राज्य की भाजपा सरकार को कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह हमला लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है और प्रदेश की जनता के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष डॉ. मुकेश नायक ने कहा कि यह घटना भाजपा की बौखलाहट को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार जनता के ज्वलंत सवालों का जवाब देने में असफल रही है और अब विपक्ष की आवाज़ को दबाने के लिए हमले जैसे हथकंडे अपना रही है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शहेरयार खान ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसे हमलों के सामने चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा को इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना होगा। खान ने कहा कि यह हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा आघात है।

वहीं, कांग्रेस नेता विवेक त्रिपाठी ने मांग की कि मुख्यमंत्री मोहन यादव तुरंत हमले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दें। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं न केवल मध्यप्रदेश की छवि को धूमिल करती हैं बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

कांग्रेस ने घोषणा की है कि वह इस मुद्दे को राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर मजबूती से उठाएगी और दोषियों को सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रखेगी।

Next Post

कुंडिया में ब्रिज की सेफ्टीवाल गिरी खरगोन से संपर्क टूटने का अंदेशा

Sun Aug 31 , 2025
पंधाना। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और सैलाब के तूफानी कहर के बाद मानसून निमाड़ पर भी कोप बरसा रहा है। दो दिनों से हुई बारिश में कुंडिया में नदी का पुल धराशाई होने के कगार पर है। नदी के एक और किनारा टूट रहा है। जिम्मेदार यदि नहीं […]

You May Like